द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:उमा पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के छात्र आयुष रावल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कराटे में दोहरा स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया। आह्वान स्पोर्ट्स कार्निवल-2026 के तहत आयोजित कराटे प्रतियोगिता में आयुष ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आयुष ने काता और कुमिते दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। काता स्पर्धा में खिलाड़ी की तकनीक, अनुशासन, संतुलन और आत्मविश्वास का परीक्षण होता है, जबकि कुमिते एक प्रतिस्पर्धी मुकाबला है। जिसमें तेज़ प्रतिक्रिया, रणनीति और लड़ने की क्षमता देखी जाती है। दोनों ही कठिन श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतना आयुष की कड़ी मेहनत, अटूट अनुशासन और कराटे में उत्कृष्ट दक्षता को दर्शाता है। आयुष की उल्लेखनीय उपलब्धि से उमा पब्लिक स्कूल परिवार में हर्ष की लहर है और पूरा विद्यालय गौरवान्वित है। इस अवसर पर स्कूल प्रशासन, प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण, कोच और आयुष के माता-पिता ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने आशा व्यक्त की है कि आयुष भविष्य में भी इसी लगन और मेहनत से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और देश का नाम रोशन करता रहेगा।