-सूथियाना, म्यू-1, म्यू-2 और ओमीक्रोन-2 में बनाए जाएंगे सामुदायिक केंद्र

-शादियों के साथ ही अन्‍य आयोजन में लोगों को मिलेगी सुविधा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम सूथियाना, सेक्टर म्यू-1, म्यू-2 और ओमीक्रान-2 में नए बारात घर बनाने का निर्णय लिया है। इन सामुदायिक केंद्रों के बनने से स्थानीय निवासियों को महंगे मैरिज हॉल बुक कराने और आयोजनों के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। आरडब्ल्यूए और स्थानीय निवासियों के साथ हुई बैठकों में इन क्षेत्रों में बारात घर बनाने की मांग उठाई गई थी। स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और दादरी विधायक तेजपाल नागर ने भी इन क्षेत्रों में बारात घरों के निर्माण की प्रभावी पैरवी की थी। जिसके बाद प्राधिकरण ने चारों स्थानों पर बारात घर बनाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

दो मंजिला बनेगा भवन

प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि सूथियाना में बनने वाला बारात घर 590 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। निर्माण पर करीब 2.92 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। बारात घर में पार्टी हॉल, लॉबी, किचन, टॉयलेट और इंडोर गेम्स की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था होगी। परियोजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति लेने के बाद जल्द ही निर्माण के लिए निविदा जारी की जाएगी। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे पूरा करने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा। इसी तरह म्यू-1 के निर्माण में 9.39 करोड़, म्यू-2 के निर्माण में 9.40 करोड़ और ओमीक्रोन-2 के निर्माण में 10.10 करोड रुपए खर्च होने का आकलन है। इस तरह इन तीनों बारात घरों के निर्माण में लगभग 29 करोड रुपए खर्च होंगे। ये तीनों ही बारात घरों का एरिया लगभग 4800 से 5000 वर्ग मीटर (प्रत्येक) है। यह कम्युनिटी सेंटर दो मंजिला

होंगे।