-किसानों की लगातार मांग के बाद प्राधिकरण ने लिया निर्णय

-नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी रोड पर भी होगी रोशनी की व्यवस्था

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के गांवों और प्रमुख मार्गों को रोशन करने के लिए प्राधिकरण ने बड़ी योजना तैयार की है। योजना के तहत 64 गांवों के नवविकसित हिस्सों, नई बनी सड़कों और अंधेरे वाले स्थानों (डार्क पैचेज) पर एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक प्रस्तावित बसवे पर भी आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। दोनों परियोजनाओं पर करीब 9 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीईओ ने इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इन जगहों पर 30 से 40 वाट की एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन कार्यों के लिए टेंडर जल्द निकालने की तैयारी। इन गांव में आबादी भूखंड पाने वाले किसानों को बड़ी राहत मिल जाएगी। वह अपने भूखंडों पर आवास बनाकर रह सकेंगे। किसानों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में यह मांग उठाई गई थी। प्राधिकरण ने अब इसे मूर्त रूप देने की तैयारी कर ली है।

 

इन गांवों में लगेगी लाइट

प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव के तहत 64 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5.18 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इनमें घंघोला, दलेलगढ़, बागपुर, लडपुरा, रामपुर माजरा, पचायतन, गिरधरपुर आजमपुर, कनारसी, तालड़ा, झालड़ा, रोशनपुर, जुनैदपुर, सिरसा, नटों की मढ़ैया, कासना, बूढ़ा , घरबरा, मुर्शिदपुर, चुहरपुर खादर, बरसात, खानपुर, इमलियाका, लुक्सर, पीपलका, नियाना, सलेमपुर गुर्जर, हतेवा, नवादा, दादूपुर, चचुला, रिठौरी, रामपुर फतेहपुर, डाबरा , डाढ़ा, रायपुर बांगर, अजायबपुर, मायचा, सिरसा, बिरौंडी, मथुरापुर, क्यामपुर, ऐच्छर, बिरौंडा, बल्ला की मढै़या, नटों की मढै़या, कासना अटाई मुरादपुर, ननुआ का राजपुर, समसपुर, तिलवाड़ा , कुलीपुरा, देवटा, ईसेपुर, जानीपुरा, बुलंद खेड़ा, रौनी, अस्तौली, पौव्वारी, अमरपुर, चीरसी, पचायतन का खेड़ा, खेरली हाफीजपुर, पतलाखेड़ा, मंडी श्याम नगर भीमसेन की मढैया आदि गांव शामिल हैं। इन गांवों में विकसित 6 4 व 10 प्रतिशत आबादी क्षेत्र में सड़कों पर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, दूसरी परियोजना के तहत 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक बस-वे के किनारे स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस कार्य पर 4.70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।