द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के दादरी के रूपवास गांव में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। 24 घंटे के अंदर एक साथ तीन चिता जली है। कुल 4 लोगों को ब्रेन हेमरेज व अटैक पड़ा, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद से गांव में गमगीन माहौल है। लोग एक दूसरे से चर्चा कर पूरी स्थिति जानने का प्रयास कर रहे हैं। गांव में रहने वाले लोग जिन घरों में मौत हुई है उन घरों में कुल्ला करने के लिए जा रहे हैं।
शनिवार रात और रविवार रात का है मामला
रूपवास गांव में रहने वाले तीन लोग जिलेराम, सुंदर कालसन और डॉ असकरण चौधरी की मौत हो गई। गांव के ही रहने वाले चौधरी छन्नी सिंह को भी अटैक पड़ा है उनका इलाज चल रहा है। एक व्यक्ति की मौत शनिवार रात हुई, जबकि दो की रविवार रात को मौत हुई। सोमवार सुबह तक तीनों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। गांव में अचानक हुए इस तरीके के मामले ने सभी को हैरान कर दिया है।
दो लोगों के मकान है आमने-सामने
जिन तीन लोगों की मौत हुई है उनमें दो लोगों के मकान आमने-सामने हैं, जबकि एक व्यक्ति का मकान बीच गांव में है। तीनों लोगो की मौत के पीछे ब्रेन हेमरेज व हार्ट अटैक को कारण बताया जा रहा है। हालांकि अचानक से एक ही गांव के चार लोगों को पड़े अटैक के पीछे का कारण कोई समझ नहीं पा रहा है।
