-यमुना प्राधिकरण के सीईओ व डीएम से भी की मुलाकात
-अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देशद न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान एवं वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ० आरपी सिंह एवं मुख्य पर्यावरण अधिकारी राधेश्याम ने गौतमबुद्धनगर का भ्रमण किया। टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों का स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा की। अध्यक्ष ने डीएम मेधा रूपम से वायु प्रदूषण की वर्तमान स्थिति, नियंत्रण हेतु किए जा रहे प्रयासों एवं विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने के संबंध में चर्चा की। साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरके सिंह से भी वायु प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर विचार-विमर्श किया।

सीईओ को दिया निर्देश
डॉ० आरपी सिंह द्वारा नोएडा क्षेत्र के अंतर्गत यमुना पुस्ता मार्ग पर सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक का स्थलीय निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को सड़क की मरम्मत, धूल-मिट्टी की सफाई तथा अपशिष्ट का उचित निस्तारण तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिससे क्षेत्र में उड़ने वाली धूल पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। पुस्ता रोड के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष द्वारा नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश को यमुना पुस्ता मार्ग की समुचित साफ-सफाई, धूल नियंत्रण एवं आवश्यक रखरखाव हेतु प्रभावी कार्यवाही कराने के संबंध में निर्देश दिए। अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
