द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: मध्यप्रदेश के प्रतिषउस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह 2026 मैहर के 14 से 16 नवंबर तक चले संगीत समारोह में ग्रेटर नोएडा की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना , गुरु एवं कला-लेखिका डॉ शाम्भवी शुक्ला मिश्रा और उनकी टीम की अद्भुत प्रस्तुति ने दर्शकों का मन जीत लिया। माँ शारदा के स्तुति वाचन पश्चात डॉ शांभवी ने गिरिजा शंकर स्तुति प्रस्तुत की जिसमें शिव और शक्ति के विभिन्न रूपों को दर्शाया गया। शुद्ध नृत्य कथक के ताल अंग में जयपुर घराने की प्रसिद्ध बंदिशों को तीन ताल में डॉ शाम्भवी एवं समूह ने प्रस्तुत कर समां बांध दिया। भारतीय कलाबोध, साहित्यिक अध्ययन और विविध उपक्रमों के लिये विख्यात डॉ. शाम्भवी ने मैत्री महत्वम नृत्य नाटिका को सूक्ष्म और गहरे अध्ययन के साथ प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया । विष्णु अवतार, कालिया दमन, माखन चोरी कथानक से सजे इस नृत्य नाटिका में ग्रेटर नोएडा के शास्त्रीय विख्यात गायक श्री बृजेश मिश्र के भावप्रवण गायन और सुमधुर संगीत निर्देशन ने कवि नरोत्तम दास एवं सूरदास की रचनाओं को जीवंत कर दिया। कृष्ण के पात्र को कथक रत्न डॉ. शाम्भवी ने बखूबी निभाया। रानी रुकमणी , सुदामा की पत्नी एवं कालिया नाग के पात्र को कु वंदिता ने, सुदामा के पात्र को कु. प्रियंका कपिल ने एवं सूत्रधार तथा संतरी के पात्र को गुरु शाम्भवी के शिष्य ऋषभ शुक्ला ने बखूबी निभाया। प्रस्तुति पश्चात अकादेमी के निदेशक श्री प्रकाश सिंह ठाकुर , मैहर कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी एवं मैहर महारानी कवितेश्वरी देवी ने शॉल, श्रीफलऔर स्मृति चिन्ह देकर शांभवी और टीम को सम्मानित किया। इस अवसर पर संगीत साहित्य प्रेमियों ने डॉ शांभवी को बधाई प्रेषित की है।

