-एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडे के नेतृत्व में हुई बैठक
-दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक लगाने का निर्देश
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में एडीएम ने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से ही सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाई जा सकती है। हिट एंड रन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कहा कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार प्रतिकर एवं अन्य लाभ दिलाने की कार्यवाही प्राथमिकता पर पूर्ण की जाए तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि जो कार्य अभी पूर्ण नहीं हुए हैं, उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं किंतु अभी तक सूचीबद्ध नहीं किए गए हैं, उनका फोटोग्राफ सहित स्थलीय निरीक्षण कर अभिलेखों में चिन्हित किया जाए। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से कहा कि उनके द्वारा पूर्ण कराए गए कार्यों का निरीक्षण कर विवरण अभिलेखों में अंकित कराया जाए। साथ ही ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क संकेतक, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर, डिवाइडर एवं गति नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं।

स्कूल वाहनों के लिए निर्देश
बैठक में विद्यालय वाहनों एवं विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति के संबंध में भी चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने निर्देश दिए कि विद्यालय वाहनों में सभी सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। वाहनों की फिटनेस, चालकों की पात्रता तथा वाहन में परिचालक की उपस्थिति की नियमित जांच की जाए, ताकि बच्चों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि मानकों का उल्लंघन करने वाले विद्यालय वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए।
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग, अस्पतालों एवं पुलिस विभाग को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पीएम राहत योजना के अंतर्गत चिन्हित अस्पतालों में पीड़ितों को कैशलेस उपचार का लाभ समय से दिलाया जाए तथा ई-डीएआर पोर्टल पर प्रकरणों की प्रविष्टि समय से की जाए। उन्होंने गुड सेमेरिटन (राहवीर) को प्रोत्साहित करने तथा जीरो फेटैलिटी डिस्ट्रिक्ट कार्यक्रम के अंतर्गत मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने को भी कहा। यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रवर्तन कार्यवाही को और प्रभावी बनाने, अवैध पार्किंग की रोकथाम तथा नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं सीटबेल्ट के वाहन संचालन और ओवरस्पीडिंग के विरुद्ध सख्ती बरतने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को विद्यालयों व आमजन के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
