द न्यूज गली, मथुरा: सोमवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। हादसा सुबह लगभग 5 बजे माइलस्टोन-110 के पास हुआ। वाराणसी से दिल्ली लौट रही एक तेज रफ्तार वैगनआर कार अज्ञात वाहन से टकरा गई। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना लग रहा है।
मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पंकज वर्मा (स्वरूप नगर, नई दिल्ली), भवेश यादव (अरइला, बिहार) और रोहित (चंचौरा बाजार, बिहार) के रूप में हुई है। तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल निर्मल कुमार (मुकुंदपुर, नई दिल्ली) और अंकित (द्वारका मोड़, दिल्ली) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस कर रही जांच
राया थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि कार अज्ञात वाहन से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे का मुख्य कारण चालक को झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस ने मृतकों के परिवारजनों को सूचित कर दिया है और घटने की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
