-सांसद संजय सिंह के नेतृत्‍व में होगी बैठक
-उत्‍तर प्रदेश के सभी जिलों के पदाधिकारी बैठक में लेंगे हिस्‍सा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्‍तर प्रदेश के किसानों की समस्‍याओं को जानने व उसे हल कराने के लिए आम आदमी पार्टी के द्वारा गौतमबुद्ध नगर में विशाल सम्‍मेलन का आयोजन 17 जुलाई को होगा। आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कमांडो ने बताया कि 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा स्थित पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान में AAP, किसान विंग के आयोजन में पार्टी के पदाधिकारियों का विशाल सम्मेलन होगा। जिसमें पूरे प्रदेश भर से पार्टी के पदाधिकारी एवं दिल्ली के कई विधायक शामिल होंगे। इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के वरिष्ठ नेता उत्तर प्रदेश के प्रभारी सांसद संजय सिंह शामिल होंगे।उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों से किसान प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सम्मेलन में भाग लेंगे और अपने-अपने क्षेत्रों से किसानों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को विस्तार से उठाएंगे। इनमें किसानों को समय पर खाद उपलब्ध न होना, खाद के लिए लंबी कतारों में लगने की मजबूरी, लगातार बिजली कटौती, बाढ़ एवं ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं से फसल बर्बाद होने के बावजूद उचित मुआवजा न मिलना, तहसीलों एवं पुलिस थानों में किसानों के साथ होने वाली दलाली और उत्पीड़न, किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जे जैसी गंभीर समस्याएं शामिल हैं।


तैयार होगी रणनीति
कमांडो अशोक ने बताया कि इन सभी मुद्दों को राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के समक्ष रखा जाएगा तथा उन पर गंभीरता से चर्चा कर एक ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। ताकि किसानों के साथ हो रहे अन्याय, शोषण और अत्याचार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके और उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में किसानों के साथ अन्याय बर्दास्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश सचिव मोहम्मद अजहर ने कहा कि देश का भविष्य (युवा) पेपर लीक को रोकने की मांग को लेकर भूखा-प्यासा तपती धूप और बारिश में जंतर मंतर पर धरने पर बैठा है। एक शिक्षाविद सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर हैं, जिसकी तबीयत लगातार खराब हो रही है लेकिन सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष जतन भाटी,प्रमोद चौधरी, संदीप भाटी सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।