द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की नुकीली छड़ भी बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को सिरसा गोलचक्कर के पास किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान नरेश कुमार ने 40 वर्षीय सुरेश पर लोहे की नुकीली छड़ से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुरेश की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक पक्ष की तहरीर पर कासना थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

थाना कासना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नरेश कुमार पुत्र विजय सिंह, निवासी ग्राम चाँदपुर, थाना रबूपुरा, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP16EQ6672 और लोहे की नुकीली छड़ बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना रबूपुरा में मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।