-ग्रेनो प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर दो का लिया जायजा
-सेक्‍टर के लोगों ने अधिकारियों के सामने रखा शिकायतों का अंबार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर के लगभग सभी सेक्‍टरों में समस्‍याओं का अंबार लगा हुआ है। आलम यह है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा बनाए गए नियमों के तहत भी काम नहीं हो रहा है। विभागीय अधिकारी सेक्‍टरों का दौरा नहीं करते हैं इस कारण उन्‍हें सब कुछ अच्‍छा ही दिखता है और आम जनता परेशान है। सीईओ एनजी रवि कुमार ने प्राधिकरण अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी सेक्‍टरों में विजिट कर लोगों के साथ वार्ता करें। लोगों से समस्‍याओं को जाने व उसे हल कराएं। सीईओ के निर्देश पर शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों की टीम सेक्‍टर दो पहुंची तो लोगों ने उन्‍हें समस्‍याओं से रूबरू कराया। अधिकारियों को जब यह पता चला कि सेक्‍टर में न तो नियमित झाडू लगती है और न ही कूड़ उठता है तो उन्‍हें वास्‍तविकता का पता चला। अधिकारियों ने लोगों को सभी समस्‍याओं के निस्‍तारण का आश्‍वासन दिया है।

लोगों ने बताई यह समस्‍या
शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर दो के ए और बी ब्लॉक का जायजा लिया। जिसमें प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा के नेतृत्‍व में वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा, प्रबंधक स्वतंत्र गुप्ता आदि ने सेक्टर दो का विजिट किया। सेक्टर के ए और बी ब्लॉक के प्रतिनिधियों ने बताया कि सेक्टर के मेन गेट और मुख्य मार्ग पर ठेली वालों को जमावड़ा लगा रहता है। इनको हटाया जाये। पार्कों व ग्रीन बेल्ट को मेनटेन कराया जाए। नालियों की सफाई कराई जाए। डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन के लिए सफाईकर्मी नियमित रूप से नहीं आते, बारिश होने पर सड़कों पर कई जगह पानी भर जाता है। इनकी मरम्मत कराई जाए। बिजली के कई पोल जर्जर हैं, उनको बदला जाए। कई स्ट्रीट लाइट नहीं जल रहीं, उनको रिपेयर कराया जाए। सेक्टर में प्रतिदिन झाड़ू नहीं लग रही। पीजीएम संदीप चंद्रा ने संबंधित विभागों से इन समस्याओं को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।