-स्कूल बस में घंटों बंद रहा यूकेजी का छात्र
-परिवार के लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का लगाया आरोप
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नाम बड़े दर्शन छोटे वाली कहावत नोएडा के एमिटी स्कूल पर चरितार्थ हुई है। अभिभावकों से मोटी फीस लेकर तमाम सुविधाएं देने का दावा करने वाले एमिटी इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने वाला यूकेजी का एक छात्र सो जाने के कारण लगभग 7 घंटे तक बस में ही बंद रहा। जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। तलाश करने के बाद बच्चा बस में ही मिला। मामले में परिवार के लोगों ने गहरी नाराजगी जताते हुए स्कूल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है।
यह हुआ मामला
नोएडा के सेक्टर 78 में स्थित महागुन सोसायटी में एक परिवार रहता है। उनका बच्चा नोएडा के एमिटी इंटरनेशनल स्कूल में यूकेजी में पढ़ता है। हर दिन की तरह स्कूल बस बच्चे को लेने आई। बच्चा बस में बैठा और चला गया। बस में बच्चे के बैठने की अटेनडेंस लग गई। नींद आने के कारण बच्चा बस में ही सो गया। रास्ते में बस खराब हो गई, दूसरी बस से सभी बच्चों को स्कूल भेजा गया। लेकिन स्कूल के लापरवाह कर्मचारी सीट पर सो रहे बच्चे को निकालना भूल गए। खराब बस किसी प्रकार से स्कूल के यार्ड में पहुंची, बच्चा उसी में सोता रहा। दिन में जब बच्चा स्कूल नहीं पहुंचा तो परेशान अभिभावकों ने जानकारी स्कूल को दी। जांच में पता चला कि सुबह बस में बैठने के दौरान बच्चे की अटेनडेंस लगी थी, जिसके बाद बच्चे तलाश शुरू हुई। बच्चा खराब बस में सोता हुआ मिला। बच्चा मिलने के बाद परिवार व स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।

