-तालाब में डूबकर 5 वर्षीय बच्चे की मौत से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन
-किसानों ने प्राधिकरण अधिकारी को सौंपा मांगों का ज्ञापन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: चिपियाना गांव के तालाब में डूबकर 5 वर्षीय बच्चे यीशू की मौत हो गई थी। घटना के विरोध में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन एकता शक्ति के कार्यकर्ताओं ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर उदाहरण है। कहा गांव का तालाब लंबे समय से असुरक्षित स्थिति में था। ग्रामीणों के द्वारा लगातार प्राधिकरण को बैरिकेडिंग, सीढ़ियों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्ञापन दिए गए थे लेकिन ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिणामस्वरूप एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी। संगठन ने मांग की कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी,आवासीय मकान की व्यवस्था तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश चौहान, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अक्षित शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
किसानों को मिला आश्वासन
किसानों के प्रदर्शन के बाद प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी राम नयन सिंह वार्ता के लिए आए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के उपरांत शासन को मुआवजे का प्रस्ताव भेजने, अतिरिक्त सहायता दिलाने तथा अन्य मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इन आश्वासनों के बाद अक्षित शर्मा ने कहा कि अनिश्चितकालीन धरने को फिलहाल स्थगित किया गया है तथा आगामी बैठक में शेष मुद्दों पर निर्णय लिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष अमरीश चौहान ने चेतावनी दी यदि लापरवाही और जवाबदेही तय न होने की प्रवृत्ति जारी रही, तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर अभिषेक शर्मा, शाहरुख मलिक, हैप्पी त्यागी, पुलकित सिंगल, मोहित ठाकुर, संजीव नायक, टिंकू पंडित, उदय कुमार, मनीष यादव, नीरज शर्मा, अजय शर्मा, लटूर नागर, रामावतार सोलंकी, शाहिद राणा, राहुल शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
