द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना कासना पुलिस ने तीन दिन पहले नहर किनारे मिले युवक के अधजले शव की गुत्थी सुलझाते हुए उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोने के कड़े हड़पने के लालच में अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की थी।

पुलिस के अनुसार, 12 जून को ग्राम चीरसी स्थित नहर के पास एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान दनकौर क्षेत्र के दौला राजपुर निवासी 23 वर्षीय हुजैफ के रूप में हुई। मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक मृतक के गांव के ही रहने वाले 19 वर्षीय शहजाद उर्फ बिट्टू पर गया।

निशानदेही पर बरामद हुआ सामान
डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि रविवार को पुलिस ने आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना डंडा, मृतक की मां के तीन सोने के कड़े और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और हुजैफ आपस में घनिष्ठ मित्र थे तथा नशा करने के आदी थे। हुजैफ को नया मोबाइल फोन खरीदने और काम शुरू करने के लिए पैसों की जरूरत थी। परिवार से मदद नहीं मिलने पर उसने अपनी मां के चार सोने के कड़े चोरी कर लिए थे। इस बात की जानकारी मिलने पर शहजाद की नीयत खराब हो गई और उसने कड़े हड़पने की योजना बना ली।

आरोप है कि 12 जून को शहजाद, हुजैफ को कड़े बेचने का झांसा देकर अपनी बाइक से सुनसान इलाके में ले गया। वहां दोनों ने नशा किया। इसके बाद आरोपी ने चंद्रावल नहर के किनारे डंडे से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसने बाइक से पेट्रोल निकालकर शव में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।