द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बादलपुर थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम ने गांजा तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 165 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, कार, चार मोबाइल फोन, 1980 रुपये नकद और एक बैंक कार्ड भी बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, बुधवार को स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को कूड़ी खेड़ा मोड़ के पास दादरी से लालकुआं की ओर जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया गया। आरोपितों की पहचान बिहार निवासी दिनेश पाल, समीर कुमार और रवि कुमार साहनी के रूप में हुई है। इनके खिलाफ बादलपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ट्रक में बनवाई थी गुप्त कैविटी
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना दिनेश पाल है। वह करीब दो माह पहले ट्रक में गुप्त कैविटी बनवाकर गांजे की तस्करी कर रहा था, ताकि पुलिस चेकिंग के दौरान गांजा पकड़ में न आए। आरोपित रवि कुमार साहनी भुवनेश्वर से ट्रक में बने गुप्त स्थान पर गांजा छिपाकर लाता था। इसके बाद दिनेश पाल और समीर कुमार को गांजा बेचने के लिए दिया जाता था। गिरोह के सदस्य दिल्ली में गांजे की थोक और फुटकर बिक्री कर मुनाफा कमाते थे।
पहले भी जेल जा चुका है सरगना
पुलिस के अनुसार, दिनेश पाल वर्ष 2021 में करीब ढाई क्विंटल गांजे की बरामदगी के मामले में गिरफ्तार हुआ था। इस मामले में वह करीब 15 माह जेल में रहा था। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
