द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस की बृहस्पतिवार देर रात चेन स्नैचिंग के दो आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान रोकने पर दोनों आरोपी बाइक से भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक स्टेलर ग्रीन पार्क के पास जंगल वाले रास्ते पर फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.19 लाख रुपये नकद, दो तमंचे, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात सेक्टर-39 कोतवाली की टीम दादरी रोड पर नर्सरी के पास सेक्टर-43 में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-49 रेड लाइट की ओर से रॉयल एनफील्ड हंटर बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक की रफ्तार बढ़ाकर स्टेलर ग्रीन पार्क की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी सूचना दी।
जंगल वाले रास्ते पर मोड़ दी बाइक
पुलिस के मुताबिक, घिरता देख आरोपियों ने बाइक सोम बाजार से स्टेलर ग्रीन पार्क के पास जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर मोड़ दी। बरसात के कारण बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दिल्ली के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
घायल आरोपियों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा थाना क्षेत्र की नूरेइलाही कॉलोनी निवासी सलमान (30) और उत्तर घोंडा के सुभाष विहार निवासी तनवीर (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर बाइक और 2.19 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना से संबंधित है।पुलिस का कहना है कि सलमान के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में चेन स्नैचिंग, लूट और चोरी के 48, जबकि तनवीर के खिलाफ 44 मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
