-कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा पर बल
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर एवं नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (NIET) के बीच Industry–Academia Meet आयोजित की गई। जिसका उद्देश्य उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच दीर्घकालिक सहयोग को सुदृढ़ करना, विद्यार्थियों को उद्योगों से जोड़ना तथा भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल, नवाचारी एवं व्यवहारिक दिशा में सार्थक पहल करना था। बैठक में इंटर्नशिप, इंडस्ट्रियल विजिट, लाइव प्रोजेक्ट्स, रिसर्च एवं डेवलपमेंट, स्किल डेवलपमेंट, गेस्ट लेक्चर, प्लेसमेंट, उद्योग आधारित प्रशिक्षण तथा नवाचार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस बात पर बल दिया गया कि भारत आज वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उद्योगों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन चाहिए, जबकि विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक अनुभव, आधुनिक तकनीक, व्यावहारिक प्रशिक्षण और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन की आवश्यकता है। यदि उद्योग और शिक्षण संस्थान एक-दूसरे के पूरक बनकर कार्य करें, तो कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे।

विद्यार्थियों को होगा फायदा
बैठक में संस्थान के प्रतिनिधियों ने उद्योगों के साथ नियमित सहभागिता, विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रमों को और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। सभी प्रतिभागियों ने इस पहल को उद्योग और शिक्षा जगत के बीच दीर्घकालिक एवं परिणामोन्मुख साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में संयुक्त अनुसंधान, औद्योगिक परियोजनाओं, इंटर्नशिप, कौशल विकास, नवाचार एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। इस अवसर पर IBA की ओर अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय , सुनील दत्त शर्मा, नरेश चौहान, अजय राणा, सुधीर त्यागी, बिरेंद्र प्रताप रावल, विकास राय सहित अन्य लोग मौजूद थे। NIET की ओर से डॉ. नीमा अग्रवाल (Additional Managing Director), डॉ. विनोद एम. कापसे (Professor & Director), डॉ. नरेश कुमार (Associate Director – Academics) सहित विभिन्न विभागों के डीन एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




