द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बारिश के साथ डेंगू का प्रकोप बढ़ने लगा है। अगस्त के पहले सप्ताह में जिले में डेंगू के तीन नए मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और रोकथाम की गतिविधियां तेज कर दी हैं। विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में जनवरी से अब तक डेंगू के 29 और मलेरिया के 25 मरीज मिल चुके हैं।

ग्रेनो वेस्ट में भी मिला मरीज
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि डेंगू के नए मरीज ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-50 और सेक्टर-137 में मिले हैं। मरीजों की पहचान के बाद संबंधित क्षेत्रों में तत्काल सैनिटाइजेशन, फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव शुरू करा दिया गया है।

घर घर जाकर जांच कर रही टीमें
स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। इस दौरान घरों और आसपास पानी जमा होने की स्थिति की पड़ताल की जा रही है। साथ ही लोगों में बुखार या डेंगू से जुड़े अन्य लक्षणों की जानकारी भी ली जा रही है। फिलहाल तीनों मरीजों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

अस्पतालों में बेड आरक्षित करने के निर्देश
बारिश के मौसम में डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड और बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में प्लेटलेट्स और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।

डेंगू से बचाव के लिए बरतें सावधानी
कूलर, गमले, पक्षियों के पानी पीने के बर्तन और छतों पर रखे कबाड़ में पानी जमा न होने दें।घर और आसपास साफ-सफाई रखें और पानी जमा होने वाले स्थानों को नियमित रूप से साफ करें।पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और मच्छरों से बचाव के उपाय करें।
तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द या जोड़ों में जकड़न जैसे लक्षण होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराएं।