-नमस्कार उत्तर प्रदेश राज्य सृजनकर्ता सम्मान–2026 का हुआ आयोजन
-उत्तर प्रदेश की सृजनशील प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश की सृजनशील प्रतिभाओं, नवाचारकर्ताओं, समाजसेवियों एवं परिवर्तन के वाहकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से नमस्कार फाउंडेशन द्वारा जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नमस्कार उत्तर प्रदेश राज्य सृजनकर्ता सम्मान–2026 का आयोजन किया गया। आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक समृद्धि, सामाजिक चेतना एवं नवाचार की भावना का विराट उत्सव सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से शिक्षा, संस्कृति, साहित्य, कला, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, उद्यमिता, कृषि, पर्यटन, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सामाजिक सेवा तथा डिजिटल सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले रचनाकारों एवं प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन में उत्साह, अनुशासन, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक थे। कार्यक्रम में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिक अभिषेक सिंह भी विशिष्ट उपस्थिति के रूप में मौजूद थे।

प्रदेश में बढ़ी हैं प्रतिभाएं
इस अवसर पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रतिभा, नवाचार और युवा शक्ति का अग्रणी प्रदेश बनकर उभर रहा है। ऐसे सम्मान समारोह युवाओं की सृजनात्मक क्षमता को नई दिशा प्रदान करते हैं तथा उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते हैं। नमस्कार फाउंडेशन का यह प्रयास न केवल सराहनीय है, बल्कि भविष्य में हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा। अभिषेक सिंह ने कहा कि आज का युवा केवल अपने भविष्य का निर्माण नहीं कर रहा, बल्कि समाज, राष्ट्र और मानवता के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डिजिटल माध्यमों, सामाजिक अभियानों और नवाचार के क्षेत्र में कार्य करने वाले युवाओं को सम्मानित कर नमस्कार फाउंडेशन ने एक नई परंपरा का शुभारंभ किया है। जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल उपाधि प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संवेदनशील और नवाचारी नागरिक तैयार करना है, जो समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वदेश कुमार सिंह ने कहा कि आज का यह आयोजन केवल सम्मान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं की प्रतिभा, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक योगदान का उत्सव है।



