-रबूपुरा के हीरी सिंह नगर में हुई घटना
-पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट से होगी मौत के कारण की पुष्टि

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: रबूपुरा कस्‍बे के हीरी सिंह नगर में एक बड़ी घटना सामने आई है। रात का बचा हुआ खाना सुबह खाने के बाद एक परिवार के सदस्‍यों की तबीयत खराब हो गई। उपचार के लिए सभी को निजी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 8 व 5 साल के दो बच्‍चों की मौत हो गई, बच्‍चों के मां की हालत गंभीर बनी हुई है। खाने के सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है। पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। परिवार के लोगों ने किसी भी प्रकार की साजिश से इंकार किया है।

गांव में मातम
गांव में अनिल उर्फ कलुआ अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया गया कि परिवार के लोगों ने सोमवार सुबह रात का बचा हुआ खाना खाया था। खाने खने के कुछ देर बाद ही परिवार के सदस्‍यों की तबीयत खराब होने लगी। सभी को उल्‍टी होने लगी। उपचार के लिए अनिल की पत्‍नी रूबी, 8 साल की बेटी दीपांशी व 5 साल के बेटे प्रिंस को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान दीपांशी व प्रिंस की मौत हो गई। दो बच्‍चों की मौत के बाद गांव में मातम छा गया। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की टीम ने खाने का सैंपल जांच के लिए भेजा है।