द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना सूरजपुर क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने पड़ोसी दुकानदार पर लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। गोली दुकानदार के पेट के निचले हिस्से को छूते हुए निकल गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है।

लाइसेंसी हथियार से की फायरिंग
पुलिस ने बताया कि खेड़ी भनौता निवासी 42 वर्षीय उदय प्रताप अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सुरेंद्र फौजी वहां पहुंचा। गुटखा मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र फौजी ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उदय प्रताप पर फायर कर दिया।

पेट के निचले हिस्से को छूते हुए बाहर निकली
गोली उदय प्रताप के पेट के निचले हिस्से को छूते हुए बाहर निकल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जांच में पेट के अंदर कोई गोली नहीं मिली तथा आंतरिक अंग सुरक्षित पाए गए। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

घायल के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुरेंद्र फौजी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।