-समस्‍याओं के कारण प्रतिदिन लाखों लोग हो रहे परेशान
-अधिकारियों ने समस्‍याओं को हल कराने का दिया आश्‍वासन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्‍टरों में स्ट्रीट लाइटों की खराब व्यवस्था, फॉगिंग एवं मच्छरों की समस्या, विभिन्न सेक्टरों में जलभराव, खाली पड़े प्लॉटों की समस्या, रिहायशी सेक्टरों में संचालित ओयो एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के कारण लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के द्वारा लगातार की जाने वाली शिकायत के बाद भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विभिन्‍न विभाग के अधिकारी उसे हल नहीं करा रहे हैं। मंगलवार को फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यू ग्रेटर नोएडा के प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मुलाकात कर शहर की प्रमुख समस्याओं को उठाया। अधिकारियों से मांग की कि सभी समस्‍याओं को जल्‍द से जल्‍द हल कराया जाए। अधिकारियों ने 10 दिनों में समस्‍या हल कराने का आश्‍वासन दिया है।

फेडरेशन ने दी चेतावनी
फेडरेशन अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर ने कहा कि फेडरेशन लगातार जनहित के मुद्दों को प्राधिकरण के समक्ष शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से उठाता रहता है। यदि प्राधिकरण द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार निर्धारित समय में स्ट्रीट लाइट एवं अन्य प्रमुख समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो अगली बार फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों के कार्यालय में जाकर मुलाकात करने की बजाय प्राधिकरण के गेट पर सभी आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेगा। फेडरेशन ने प्राधिकरण से मांग की है कि शहर के लाखों निवासियों से जुड़ी इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध तरीके से धरातल पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सेक्टर पी-3 अमित भाटी, अध्यक्ष सेक्टर-36 डॉ. अजय भाटी, अध्यक्ष डेल्टा-2 बॉबी भाटी, आरदीप सोढ़ी, सुधीर चौधरी, अध्यक्ष आरडब्ल्यूए डाढ़ा गांव सुबोध भाटी, सचिव आरडब्ल्यूए सेक्टर पी-3 मधु गोयल सहित अन्य आरडब्ल्यूए पदाधिकारी उपस्थित थे।