द न्यूज गली,नोएडा : मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत बृहस्पतिवार को सेक्टर-30 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में किया गया। इसमें करीब पांच हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के तरीके बताए।पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में फिशिंग, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के तरीकों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी।
साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन पर करें शिकायत
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने की अपील की।कार्यक्रम में महिला सुरक्षा की पुलिस उपायुक्त सुनिति के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह और एसीपी प्रथम नोएडा प्रवीण कुमार मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना है।
