द न्यूज गली, नोएडा : थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने विदेशी ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ, एक मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को ऊंची कीमत पर ड्रग्स की सप्लाई करते थे। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।

63 ग्राम हैश भी मिला
पुलिस के अनुसार बुधवार को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से क्राउन एक्सपो से एक्सपोमार्ट जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास घेराबंदी कर इमरान, दीपक कुमार, शिवम कुमार और बौबी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1.05 किलोग्राम शिलॉन्ग गांजा, 70 ग्राम शैम्पेन एमडी, 75 ग्राम ओजी (ओरिजिनल ग्रोअर कैलिफोर्निया वीड), 144 एमडीएमए (एक्स्टेसी) गोलियां तथा 63 ग्राम हैश बरामद हुआ। इसके अलावा एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त किया गया।