द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना जेवर पुलिस ने धमकी देने और मारपीट के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

24 मई को दर्ज कराई शिकायत
पुलिस ने बताया कि कस्बा जहांगीरपुर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 मई की रात आरोपी शेखर जादौन अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और जान से मारने की धमकी देते हुए होटल खाली करने का दबाव बनाया। आरोप है कि अगले दिन 25 मई को आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा घर पहुंचा और शिकायतकर्ता के परिजनों के साथ मारपीट व गाली-गलौज की।

पीड़ित की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर थाना जेवर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित चल रहे आरोपी शेखर पुत्र श्यौराज जादौन, निवासी कस्बा जहांगीरपुर, थाना जेवर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत भी कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।