द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, चोरी और टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से स्नैचिंग और चोरी के 28 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू तथा चोरी की एक स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से एच-ब्लॉक क्षेत्र से रोहित कुमार, गौरव कुमार और रवेन्द्र को गिरफ्तार किया गया। बरामद स्कूटी दिल्ली के कोतवाली नॉर्थ थाना क्षेत्र से चोरी की बताई गई है।

मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास रहते थे सक्रिय
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी करते थे। वहीं रात के समय सुनसान स्थानों पर राहगीरों से मोबाइल फोन छीन लेते थे। चोरी के मोबाइल कम कीमत पर अपनी मजबूरी बताकर राह चलते लोगों को बेच देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न मामलों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
