द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : औद्योगिक इकाइयों की बढ़ती संख्या और उनसे जुड़े श्रमिकों की समस्याओं के समाधान को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कमिश्नरेट के तीनों जोनों में लगभग 15 हजार पंजीकृत औद्योगिक इकाइयाँ हैं, जिनमें लघु, मध्यम, बृहद और बहुराष्ट्रीय कंपनियाँ शामिल हैं। इन इकाइयों में करीब चार लाख श्रमिक कार्यरत हैं, जिससे इंडस्ट्रियल सेक्टर की अहमियत और बढ़ गई है।

इसी को देखते हुए कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (इंडस्ट्रियल) का पद तदर्थ आधार पर सृजित किया गया है। इनके अधीन एक सहायक पुलिस आयुक्त इंडस्ट्रीज, तीन निरीक्षक और विभिन्न रैंकों के 25 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

सीधा संवाद होगा स्थापित
इस विशेष सेल का उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों, श्रमिक संगठनों और श्रमिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना होगा। साथ ही, उत्तर प्रदेश और भारत सरकार के लागू श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

पुलिस उपायुक्त (इंडस्ट्रियल) का सीयूजी नंबर 8595902508 निर्धारित किया गया है। यह सेल तत्काल प्रभाव से कार्य करना शुरू करेगा।

इस प्रस्ताव को स्थायी रूप देने के लिए अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था और पुलिस उपायुक्त मुख्यालय द्वारा इसे तीन दिनों के भीतर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश और गृह विभाग को भेजा जाएगा। साथ ही, संचालन के लिए विस्तृत एसओपी भी तैयार की जाएगी।