द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साड़ियों की आड़ में चल रहे हाई-केमिकल गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 37 किलो 696 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 39 कीमती साड़ियां भी जब्त की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम पाठक और शिवम दूबे के रूप में हुई है। दोनों को सेक्टर-17 क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड शुभम पाठक है, जो पिछले दो से तीन वर्षों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था।

कूरियर के माध्यम से मंगाते थे साड़ी
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी पश्चिम बंगाल से कूरियर कंपनियों के माध्यम से साड़ियों के पार्सल मंगवाते थे। संदेह से बचने के लिए गांजे को साड़ियों की पैकिंग के भीतर बेहद सावधानी से छिपाया जाता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शुभम फर्जी या अधूरे पते पर पार्सल बुक कराता था और डिलीवरी एजेंट के पहुंचने से पहले ही खुद पार्सल प्राप्त कर लेता था। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद पदार्थ सामान्य गांजा नहीं है। इसे ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पहाड़ी क्षेत्रों में मिलने वाली विशेष किस्म की पत्तियों से तैयार किया जाता है। कई चरणों में प्रोसेसिंग के बाद इस पर विशेष रासायनिक परत चढ़ाई जाती है, जिससे इसका नशा सामान्य गांजे की तुलना में अधिक तीव्र और खतरनाक हो जाता है। इसी वजह से इसकी बाजार में मांग और कीमत दोनों अधिक हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, कूरियर एजेंटों और खरीददारों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ड्रग तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।