-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ननवा का राजपुर में चलाया अभियान
-बनाए गए निर्माण को कर दिया गया ध्‍वस्‍त

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नियम के तहत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी प्रकार का अवैध निर्माण नहीं किया जा सकता है। प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र ननवा का राजपुर में कुछ लोगों के द्वारा अवैध कब्‍जा किया जा रहा था। साथ ही वहां पर अवैध कॉलोनी भी काटी जा रही थी। सूचना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और लगभग दो घंटे के अभियान में अवैध निर्माण को पूरी तरह से ध्‍वस्‍त कर दिया। अभियान में प्राधिकरण टीम ने लगभग 40 करोड़ की जमीन से कब्‍जा हटा दिया। जिस जमीन से कब्‍जा हटाया गया है वह लगभग 20 हजार वर्ग मीटर है।


प्राधिकरण ने दी चेतावनी
कालोनाइजर ननवा का राजपुर के खसरा नंबर 156 व आसपास की जमीन पर प्लॉटिंग की कोशिश कर रहे थे। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसीईओ ने जनमानस से अपील की है अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ननवा का राजपुर के खसरा नंबर 156 व आसपास की जमीन पर कालोनाइजर अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण के भूलेख विभाग के ओएसडी रामनयन सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह और अन्य ने प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में शनिवार को कार्रवाई की। कार्रवाई लगभग दो घंटे चली। अधिकारियों ने दोबारा निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।