द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-24 थाना पुलिस ने फर्जी ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब की आड़ में लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो पुरुष और तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट और ऑरा कार तथा एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
ऑनलाइन करते ग्राहकों से संपर्क
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था। इसके बाद युवतियां दोस्ती और मुलाकात का झांसा देकर उन्हें कार में बैठाती थीं। सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट कर मोबाइल, नकदी, वाहन और अन्य सामान लूट लिया जाता था। मोबाइल का लॉक खुलवाकर यूपीआई के जरिए भी रकम ट्रांसफर कराई जाती थी।
30 जून को लूटी थी फॉर्च्यूनर
डीसीपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने 30 जून की रात सेक्टर-54 स्थित पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति से फॉर्च्यूनर कार लूटने की वारदात स्वीकार की है। आरोपियों ने पीड़ित से मारपीट कर उसका मोबाइल, पर्स और कार की चाबी छीन ली थी तथा मोबाइल के जरिए करीब 18 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिए थे। इसके बाद फॉर्च्यूनर लेकर फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमवीर यादव, मंजेश यादव, निधि यादव, प्रियंका यादव और काजल उर्फ रिया यादव के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
