द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-2 पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर 12 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक फर्जी नंबर प्लेट और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में से दो के संबंध में थाना फेस-2 और तीन के संबंध में दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन (एमवी थेफ्ट) में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर निम्मी विहार पुस्ता के पास से फरदीन उर्फ सोहेल (21), फैजान उर्फ कल्लू (23) और फिरोज (27) को गिरफ्तार किया गया। तीनों साहिबाबाद (गाजियाबाद) के केला भट्टा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

भीड़भाड़ वाले इलाके को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में घरों, दुकानों और साप्ताहिक बाजारों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के दौरान विरोध या पकड़े जाने की स्थिति में लोगों को डराने के लिए अपने पास अवैध चाकू रखते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेचकर उससे मिलने वाले रुपये अपने शौक और मौज-मस्ती पर खर्च करते थे।

पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और दिल्ली में चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में जांच कर रही है।