द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-58 थाना पुलिस ने लग्जरी वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन लग्जरी कारें बरामद की हैं। साथ ही एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी मिला है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज शर्मा और अजय सरकार के रूप में हुई है। दोनों को सेक्टर-54 स्थित खरगोश पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। बरामद वाहनों में एक महिंद्रा थार, एक हुंडई क्रेटा और एक फोर्ड इकोस्पोर्ट शामिल है।

सर्विस सेंटर और शोरूम के आसपास करते थे देखी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह वाहन सर्विस सेंटर और शोरूम के आसपास रेकी कर गार्ड रूम से चाबियां चुरा लेते थे। इसके बाद शोरूम के बाहर खड़ी गाड़ियों को चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर उन्हें असम बॉर्डर क्षेत्र के माध्यम से मिजोरम और त्रिपुरा में बेच दिया जाता था।

पुलिस ने बताया कि बरामद महिंद्रा थार सेक्टर-59 स्थित कॉन्सेप्ट महिंद्रा शोरूम के बाहर से चोरी की गई थी। इस मामले का थाना सेक्टर-58 में मुकदमा दर्ज था, जिसका पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। बरामद इकोस्पोर्ट दिल्ली से चोरी की गई थी, जबकि क्रेटा कार वर्ष 2023 में दिल्ली से चोरी हुई थी।

वाहन चोरी का लगा चुके हैं अर्ध शतक
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह अब तक करीब 60 चोरी की गाड़ियां अंतरराज्यीय बाजार में बेच चुका है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

नीरज शर्मा के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में वाहन चोरी, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं अजय सरकार के खिलाफ भी वाहन चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।