-लोगों का आरोप शराब की दुकान के कारण सेक्टर के लोग झेल रहे परेशानी
-ज्ञापन सौंपकर दुकान को वहां से हटाने की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर 36 के गेट नंबर एक पर खुली शराब की दुकान का विरोध तेज हो गया है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष डाक्टर अजय भाटी के नेतृत्व में सेक्टर के लोग आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल से मिले। लोगों ने सेक्टर के गेट पर दुकान खुलने से सेक्टर के लोगों को होने वाली परेशानियों को विस्तार से बताया। लोगों ने आबकारी मंत्री को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि दुकान को सेक्टर के गेट से हटा दिया जाए। मंत्री ने लोगों की लोगों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
यह होती है परेशानी
डाक्टर अजय भाटी का कहना है कि सेक्टर के अधिकतर लोग एक नंबर गेट का ही प्रयोग करते हैं। गेट पर ही शराब की दुकान होने के कारण अक्सर जाम लगा रहता है। जिसका प्रमुख कारण है कि शराब खरीदने के लिए आने वाले लोग मुख्य रोड पर ही अपने वाहन को खड़ा कर देते हैं। उनका कहना है कि कई बार देखने में आता है कि शराब खरीदने के बाद लोग वहीं पर खड़े होकर पीना भी शुरू कर देते हैं। उनका आरोप है कि शराब पीने के दौरान लोग वहां से आने-जाने वाली महिलाओं को अपशब्द भी कहते हैं। इस कारण कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है।
