-पैरामाउंट सोसायटी के पास पिछले कई साल से चल रहा था काम
-कुछ सप्‍ताह पूर्व जांच के लिए खोला गया था आरओबी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: लोगों की सुविधा के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा पैरामाउंट सोसायटी के पास 130 मीटर रोड पर पिछले कई साल से आरओबी का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। लोगों को आरओबी खुलने का इंतजार था। लोगों का लंबा इंतजार अब पूरा हो गया। आवाजाही के लिए आरओबी खोल दिया गया है। आरओबी खुलने के साथ ही उस पर वाहनों ने फर्राटा भरना शुरू कर दिया है। यह आरओबी फ्रेट कोरिडोर के ऊपर से गुजर रहा है। आरओबी खुलने से ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट व ईस्‍ट आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।

लाखों चालकों को होगा फायदा
फ्रेट कोरिडोर के ऊपर बनने वाले आरओबी का निर्माण पिछले लगभग तीन साल से चल रहा था। इस कारण लोगों को सर्विस रोड़ से सफर करना पड़ रहा था। जगह-जगह निर्माण सामग्री फैली होने व सर्विस रोड़ टूटी होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। आरओबी को जांचने के लिए कुछ सप्‍ताह पूर्व टीम ने सर्वे किया था, वाहनों की आवाजाही के लिए एक तरफ का आरओबी खोला भी गया था। बाद में उसे बंद कर दिया गया था, जांच में जो कमियां मिली थीं उसे पूरा करने के बाद अब आरओबी को दोनों तरफ से पूरी तरह से खोल दिया गया है। आरओबी शुरू होने से प्रतिदिन लगभग एक लाख वाहन चालकों को सुविधा होगी।