द न्यूज गली, नोएडा : फेस-2 कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक साल से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी मोहम्मद शादाब उर्फ सोनू उर्फ शमशाद (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सेक्टर-80 के डी-ब्लॉक से गिरफ्तार किया गया। आरोपी फेस-2 कोतवाली में वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में पिछले एक साल से वांछित था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

दिल्ली-एनसीआर में गांजा तस्करी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गांजा तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से मिले अवैध चाकू के संबंध में भी फेस-2 कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र के इस्लाम नगर का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामलों में कार्रवाई की है।