द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग हिंडन पुल पर सड़क मरम्मत और मैस्टिक बिछाने का कार्य मंगलवार से शुरू किया जा रहा है। इसके तहत पुल की दोनों ओर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की जाएगी। कार्य के दौरान एक-एक लेन बंद रहेगी, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने और सहयोग करने की अपील की गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, चार मूर्ति चौक से नोएडा की ओर जाने तथा नोएडा से चार मूर्ति चौक की ओर आने वाले हिस्से में सड़क कई स्थानों पर टूट चुकी है। सड़क की स्थिति को देखते हुए मैस्टिक कार्य कराना आवश्यक हो गया है।

चार मूर्ति चौक पर अंडरपास निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की मंशा है कि हिंडन पुल की सड़क का कार्य भी अंडरपास परियोजना के साथ ही पूरा कर लिया जाए, ताकि भविष्य में यातायात सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सके।

वर्क सर्कल 7 का है मामला
प्राधिकरण के वर्क सर्किल-7 द्वारा मंगलवार से कार्य शुरू कराया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की सलाह पर पहले नोएडा से चार मूर्ति चौक आने वाली दिशा की एक लेन पर काम होगा। इस दौरान संबंधित लेन यातायात के लिए बंद रहेगी। सोमवार को इसकी ट्रायल व्यवस्था भी की गई। पहली लेन का कार्य पूरा होने के बाद दूसरी लेन पर काम शुरू किया जाएगा। प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि सड़क की मरम्मत और मैस्टिक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरा कार्य लगभग डेढ़ माह में पूरा होने की संभावना है। साथ ही वाहन चालकों से निर्माण कार्य के दौरान सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।