द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित शारदा यूनिवर्सिटी में नारी शक्ति रैली का आयोजन किया गया। रैली ब्लॉक 2 से प्रारंभ होकर आनंद स्वरूप ऑडिटोरियम तक निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना था। रैली के उपरांत, आनंद स्वरूप ऑडिटोरियम में सभी प्रतिभागियों द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं समानता को बढ़ावा देने हेतु एक सामूहिक शपथ ली गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। यह आयोजन न केवल जागरूकता फैलाने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक परिवर्तन की भावना को भी सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हुआ। इस अवसर पर शारदा स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज़ एंड सोशल साइंसेज़ की डीन प्रोफेसर (डॉ.) अन्विति गुप्ता ने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल एक सामाजिक पहल नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया है, जो समान अवसर, शिक्षा और सम्मान के माध्यम से ही संभव है। जब हम महिलाओं को सशक्त बनाते हैं, तो हम पूरे समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाते हैं। युवा पीढ़ी को इस दिशा में आगे बढ़कर सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनना चाहिए। इस अवसर पर डॉ. अजीत कुमार, डॉ. यशोधरा, डॉ. शांति, डॉ. रचना, रीमा, डॉ. सुमन, डॉ. क्रिस्टा सहित सभी विभागों के डीन, फैकल्टी मेंबर्स, स्टाफ, स्टूडेंट्स आदि मौजूद थे।


