द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नवदर्पण संस्था ने ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमेगा, कासना व अन्य स्थानों पर पौधारोपण एवं पौधा वितरण किया। अभियान के अंतर्गत 200 से अधिक औषधीय एवं फलदार पौधों का रोपण तथा वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था। संस्था के सदस्यों ने उपस्थित लोगों को पौधों के महत्व, उनके संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में भी जागरूक किया। इस अवसर पर नवदर्पण संस्था की रेखा गुर्जर, काव्या भाटी, डॉ. निखिता नागर, सुनील, राजकुमार सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद थे। सभी ने पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। औषधीय एवं फलदार पौधे न केवल पर्यावरण को शुद्ध बनाने में सहायक हैं, बल्कि समाज को स्वस्थ एवं पोषण संबंधी लाभ भी प्रदान करते हैं। नवदर्पण संस्था ने इस अवसर पर नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।

