-उद्यमी क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश
-बैठक में उद्यमियों ने रखी विभिन्‍न समस्‍याएं

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: डीएम मेधा रूपम की अध्‍यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। डीएम ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण के वर्क सर्कल एसीईओ तथा ओएसडी द्वारा बैठक में प्रतिभाग न किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर विस्तृत आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि शासन को अवगत कराया जा सके और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो। बैठक के दौरान उद्यमी प्रतिनिधियों ने अतिक्रमण, यातायात जाम, कूड़ा-कचरा निस्तारण, पार्किंग की समस्या, सड़कों की खराब स्थिति, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, जीएसटी से संबंधित जटिलताओं, जल आपूर्ति तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सभी समस्‍याओं के निस्‍तारण का निर्देश दिया।

IEA ने की यह मांग
बैठक में इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने डीएम एक पत्र देकर जिले में कार्यरत उद्यमियों के मध्य लंबित भुगतान से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु हस्तक्षेप की मांग की है। उन्‍होंने कहा कि जिले में बहुत सारे उद्यमी आपस मे ही व्यापार करते हैं, दो पक्षों के बीच मटेरियल की आपूर्ति के बाद भुगतान न किए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई मामलों में एक पक्ष द्वारा सामग्री विधिवत प्रेषित कर दी जाती है, किन्तु दूसरा पक्ष निर्धारित समयावधि में भुगतान नहीं करता, जिससे उद्योगों विशेषकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की कार्यशील पूंजी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्‍होंने डीएम से अनुरोध किया है कि ऐसे प्रकरणों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए जिला प्रशासन की देखरेख में त्रैमासिक बैठक आयोजित की जाए।