-शराब की बोतल लगने से दो लोग हो चुके हैं घायल
-रात में एकत्र होकर सेक्‍टर के लोगों ने जताई नाराजगी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अल्‍फा दो सेक्‍टर के पास बना ओमैक्‍स इंडिया ट्रेड सेंटर सेक्‍टर के लोगों के लिए परेशानी बन गया है। ट्रेट सेंटर की ऊंची-ऊंची इमारत में रहने वाले लोग शराब की बोतल, पानी व कोल्डिंग की बोतल व अन्‍य गंदगी सेक्‍टर के घरों में फेंक देते हैं। इस कारण सेक्‍टर के आई ब्‍लाक में रहने वाले लोग परेशान हैं। मंगलवार रात को भी शराब की बोतल व अन्‍य सामान फेंका गया, सेक्‍टर के लोगों ने मौके पर एकत्र होकर विरोध दर्ज कराया। सेक्‍टर के लोग ओमैक्‍स इंडिया ट्रेड सेंटर के फ्लैट में पहुंचे और पुलिस से भी मामले की शिकायत की। नाराज लोगों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हो चुकी है घटना
अल्‍फा दो सेक्‍टर के लोगों का कहना है कि ओमैक्‍स इंडिया ट्रेड सेंटर में किराए पर कमरे दिए जाते हैं। यहां पर आने वाले लोग शराब पार्टी करते हैं और गंदगी सेक्‍टर के घरों में फेंक देते हैं। पूर्व में फेंकी गई शराब की बोतल के कारण दो लोग घायल भी हो चुके हैं। फेंकी गई शराब की बोतल के कारण एक बच्‍चा बाल-बाल बच गया। लोगों का कहना है कि पूर्व में भी विरोध दर्ज कराया गया था, ओमैक्‍स इंडिया ट्रेड सेंटर के प्रबंधन ने सुरक्षा जाल लगाने का आश्‍वासन दिया था लेकिन लगाया नहीं। मंगलवार रात नाराज लोग ओमैक्‍स इंडिया ट्रेड सेंटर के उस फ्लैट में भी पहुंचे जहां से शराब की बोतल फेंकी गई थी। फ्लैट का गेट खुलवाने का प्रयास किया लेकिन उसमें रहने वाले व्‍यक्ति ने गेट नहीं खोला।