द न्यूज गली, नोएडा : पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने दिव्यांग (स्पेशल नीड) बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए “ऑपरेशन अपराजेय” शुरू करने की कार्ययोजना तैयार की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जाएगा।
योजना के तहत कमिश्नरेट के सभी थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों का विवरण गोपनीय रूप से संकलित किया जाएगा। महिला बीट अधिकारी प्रत्येक 15 दिन में बच्चों, अभिभावकों और केयर टेकर से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम की जानकारी लेंगी।
पुलिस के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से प्रशिक्षित अस्पतालों में चिकित्सीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही बच्चों को आपातकालीन सेवाओं डायल-112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जागरूक किया जाएगा।
केयर टेकर की होगी पूरी जानकारी
अभियान के तहत बच्चों की देखभाल करने वाले केयर टेकर का पूरा विवरण रखा जाएगा तथा उनका नियमित चरित्र सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से जुड़े मामलों की निगरानी के साथ उनके लिए ‘नेबरहुड सिक्योरिटी प्लान’ तैयार करने का भी प्रस्ताव है।
दिव्यांग बच्चों एवं उनके अभिभावकों की सहायता, शिकायत और परामर्श के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने हेल्पलाइन नंबर 8595902539 जारी किया है। इस नंबर पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
1645 बच्चे किए गए चिन्हित
पुलिस ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में कमिश्नरेट क्षेत्र के 1645 स्पेशल नीड बच्चों को चिन्हित किया गया है। इन बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नियमित संवाद और निगरानी की जाएगी।
इस अभियान का संचालन महिला बीट अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इसके लिए मैक्स हॉस्पिटल नोएडा और एमिटी यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों को व्यावहारिक एवं सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण देंगे। अभियान के सफल संचालन हेतु पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
