-नाराज अभिभावकों ने स्‍कूल प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन
-स्‍कूल की मनमानी के खिलाफ शिक्षा विभाग में की शिकायत

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: डीएम के सख्‍त आदेश के बाद भी ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में स्थित द विजडम ट्री स्‍कूल ने अपनी मनमानी दिखाते हुए लगभग 40 प्रतिशत तक फीस बढ़ा दी। एक साथ इतनी अधिक फीस बढ़ने से अभिभावकों का गुस्‍सा फूट पड़ा। नाराज अभिभावकों ने स्‍कूल के सामने हाथों में पोस्‍टर लेकर स्‍कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रबंधन के खिलाफ अभिभावकों ने जमकर नारेबाजी की। अभिभावकों ने मांग की कि बढ़ाई गई फीस वापस ली जाए। स्‍कूल द्वारा नियम से अधिक फीस बढ़ाए जाने के मामले की शिकायत अभिभावकों ने शिक्षा विभाग में भी की है।

यह था आदेश
देखते में आता है कि निजी स्‍कूलों के द्वारा प्रतिवर्ष फीस में बढ़ोत्‍तरी कर दी जाती है। स्‍कूलों के द्वारा 20 से लेकर 50 प्रतिशत तक फीस बढ़ा दी जाती है। इससे अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्‍त भार पड़ता है। हाल ही में फीस नियामक समिति की बैठक में डीएम मेधा रूपम ने निर्देश दिया था कि इस वर्ष स्‍कूल अधिकतर 7 प्रतिशत तक फीस बढ़ा सकते हैं। अधिकतर स्‍कूलों ने डीएम के आदेश का पालन किया था लेकिन कुछ स्‍कूलों ने नियम का पालन न करते हुए अधिक फीस बढ़ा दी। 40 प्रतिशत फीस बढ़ाए जाने से द विजडम ट्री स्‍कूल प्रबंधन के खिलाफ अभिभावकों में भारी नारजगी है।