द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में बुधवार को लापरवाही और जर्जर निर्माण का मामला सामने आया। एल-9 टॉवर की 14वीं मंजिल से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। यह मलबा ग्राउंड फ्लोर की एक बालकनी में लगी लोहे की टीन पर गिरा, जिससे टीन क्षतिग्रस्त हो गई।

गनीमत रही कि कोई नहीं था मौजूद
इसी दौरान सोसाइटी के एक फ्लैट के मुख्य गेट के ऊपर का प्लास्टर भी टूटकर गिर गया। राहत की बात रही कि दोनों घटनाओं के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि उस वक्त कोई नीचे से गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में सुरक्षा को लेकर नाराजगी और चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि टावरों में जगह-जगह प्लास्टर उखड़ने की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। उन्होंने प्राधिकरण और संबंधित अधिकारियों से सभी टावरों का तत्काल तकनीकी ऑडिट कराकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।