द न्यूज गली, नोएडा : फेस-2 थाना पुलिस ने चोरी और लूट की घटनाओं में वांछित चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का एप्पल मैकबुक, आईपैड, 1210 रुपये नकद, .32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी की पहचान राजू सक्सेना उर्फ टीटू (23) निवासी बदायूं, हाल निवासी मकनपुर, गाजियाबाद के रूप में हुई है।पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को टीम को सूचना मिली थी कि इनामी आरोपी शमशान घाट के पास मेट्रो लाइन के नीचे मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जून 2026 में एल्डिको सेक्टर-93 और गेझा गांव के पास खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर उसने बैग चोरी किया था। बैग में एप्पल मैकबुक और आईपैड रखे थे। इसके अलावा अगस्त 2025 में साथियों के साथ सेक्टर-85 में कंपनी के बाहर खड़ी अपाचे बाइक चोरी करने और अगस्त 2026 की शुरुआत में फेस-2 के सी ब्लॉक हॉजरी कॉम्प्लेक्स से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीनने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल को आरोपी ने पांच हजार रुपये में बेच दिया था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके खिलाफ गाजियाबाद, बदायूं, बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मारपीट और अन्य धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ थाना फेस-2 में दर्ज एक मामले में वह वांछित था और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।बरामदगी: एक एप्पल मैकबुक, एक एप्पल आईपैड, 1210 रुपये नकद, .32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस।