-जनगणना ड्यूटी में दिखा रहे हैं घोर लापरवाही
-100 से अधिक कर्मचारियों पर दर्ज हो सकता है मुकदमा
द न्यूज गली, नोएडा: पूरे देश में जनगणना का कार्य चल रहा है, लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी हैं जो गर्मी में जनगणना ड्यूटी करने के लिए तैयार ही नहीं हैं। कई बार निर्देश देने के बाद भी कर्मचारियों के द्वारा अपना ड्यूटी पत्र ही रिसीव नहीं किया जा रहा है। सरकारी कार्य में घोर लापरवाही दिखाने वाले कर्मचारियों पर नोएडा प्राधिकरण ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। ऐसे लापरवाह कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए नोएडा प्राधिकरण के चार्ज अधिकारी इंदु प्रकाश सिंह ने नोएडा डीसीपी को पत्र लिखा है। पत्र में कर्मचारियों की सूची भी संलग्न की है। जिसके आधार पर नोएडा पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
100 कर्मचारी हैं लापरवाह
जनगणना कार्य में प्राधिकरण के साथ ही विभिन्न विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारी का कहना है कि कर्मचारियों को फोन के साथ ही वाट्सएप पर भी ड्यूटी की जानकारी भेज दी गई थी। काफी कर्मचारियों ने बाद में ड्यूटी रिसीव कर ली लेकिन लगभग 100 कर्मचारी ऐसे हैं जिनके द्वारा अभी तक ड्यूटी रिसीव नहीं की गई है। ऐसे में जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में देर हो रही है। शासकीय कार्य में असहयोग का रवैया अपनाया जा रहा है। डीसीपी को लिखे गए पत्र में लापरवाह कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई है।
