-विद्युत व्यवस्था को उपभोक्ता हितैषी बनाने के निर्देश
-विधायक तेजपाल नागर व धीरेंद्र सिंह भी हुए शामिल

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के उद्देश्य से सांसद डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में जिला विद्युत समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपभोक्ता सेवाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने स्पष्ट किया कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों को भी प्राथमिकता प्रदान करते हुए समयबद्ध रूप से उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

प्रत्‍येक उपभोक्‍ता को मिले लाभ
सांसद ने विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण हेतु विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति, बिजनेस प्लान के तहत संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र उपभोक्ता तक समय से एवं बिना किसी बाधा के पहुंचे तथा विद्युत वितरण प्रणाली को अधिक सक्षम एवं विश्वसनीय बनाने के लिए स्वीकृत सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप पूरा किया जाए। विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह ने जेवर क्षेत्र की भावी आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि क्षेत्र में विभागीय वर्कशॉप स्थापित किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में ट्रांसफॉर्मरों का रिजर्व स्टॉक उपलब्ध रखा जाए, ताकि किसी भी ट्रांसफॉर्मर के खराब होने की स्थिति में निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसे तत्काल बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके। बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि जनपद में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक, उपभोक्ता-केंद्रित एवं विश्वसनीय बनाने के लिए विभागीय अधिकारी समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, जिससे आमजन, किसानों, व्यापारियों एवं औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके। बैठक में विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र भाटी, प्रशासक जिला पंचायत अमित कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, डीएम मेधा रूपम सहित अन्‍य अधिकारी मौजूद थे।