-असली की जगह पैकेट में रख देते थे नकली सामान
-पुलिस ने आरोपितों के पास से बरामद किया 75 लाख का सामान
द न्यूज गली, नोएडा: ई कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट और अमेज़न से लोगों के घरों में असली की बजाए नकली सामान पहुंच रहा था। कंपनी प्रबंधन के द्वारा मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। जांच के बाद थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक गिरोह को पकड़ा है। जिनके द्वारा फ्लिपकार्ट और अमेज़न जैसी दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियों के सामान को रास्ते में चोरी करने और उनकी जगह नकली सामान रख दिया जाता था। पुलिस ने शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 सदस्यों वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र व रघुराज सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 75 लाख रुपये की कीमत का चोरी का माल बरामद किया गया है।
Noida: फ्लिपकार्ट और अमेज़न से पहुंच रहा था नकली सामान,पुलिस ने फर्जीवाड़ा करने वाले 5 लोगों को किया गिरफ्तार @noidapolice pic.twitter.com/ORlF84iNZG
— The News गली (@The_News_Gali) August 1, 2026
ऐसे करते थे फर्जीवाड़ा
डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि गिरोह के सदस्य डिलीवरी बॉय के साथ मिलकर Flipkart और Amazon कंपनियों का कीमती सामान रास्ते में ही बदल देते थे। ओरिजिनल सामान को अपने अवैध गोदाम में छिपाकर सस्ते या नकली सामान की डिलीवरी करा दी जाती थी, जिससे कंपनियों और ग्राहकों दोनों को भारी नुकसान पहुंच रहा था। पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना वासिद खान बताया कि गैंग के सदस्य यह पता करते थे कि क्षेत्र में किन महंगे प्रोडक्ट्स की मांग सबसे अधिक है। फिर उनके नकली या सस्ते प्रोडक्ट्स का इंतजाम कर लिया जाता था। फिर कंपनियों के डिलीवरी बॉय जब सामान लेकर हब की ओर जाते थे, तो रास्ते में ही असली सामान निकालकर उसकी जगह फर्जी या सस्ता सामान रख देते थे। इससे सेलर को भी रिफंड, रिटर्न का पता नहीं चलता था। कई बार डिलीवरी बॉय से मिल कर जानबूझकर डिलीवरी 2-3 दिन के लिए टाल दी जाती थी, ताकि उस दौरान फर्जी प्रोडक्ट तैयार कर ग्राहक या हब तक पहुँचाया जा सके। चोरी किए गए असली सामान को गिरोह अपने अवैध गोदामों में जमा करता था और बाद में ग्राहकों को सस्ते दामों पर बेचकर अवैध कमाई करता था।
