द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा द्वारा समाज के वंचित एवं बेसहारा वर्ग के प्रति अपनी संवेदनशील प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए सेक्टर 34 नोएडा में स्थित अपना घर आश्रम में रहने वाले 300 बेसहारा मातृशक्ति की सेवा हेतु एक विशेष सेवा प्रकल्प आयोजित किया गया। क्लब के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया इस अवसर पर आश्रम को 1 वाटर कूलर, 300 यूनिफॉर्म, 100 पीस टूथपेस्ट, 50 लीटर हार्पिक, 10 लीटर डेटॉल, 45 लीटर देसी घी एवं 60 लीटर सरसों का तेल समर्पित किया गया। जिससे वहां निवासरत प्रभुजनों की दैनिक आवश्यकताओं, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी जरूरतों को सहयोग मिल सके। यह सेवा प्रकल्प केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन मातृशक्ति स्वरूप प्रभुजनों के प्रति सम्मान, आत्मीयता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की अभिव्यक्ति है, जो जीवन के उत्तरार्ध में स्नेह, सहयोग एवं अपनत्व की अपेक्षा रखते हैं। ज्ञात हो कि रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा का सदैव यह प्रयास रहा है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, संवेदना एवं सहयोग पहुँचाया जाए तथा जरूरतमंद व्यक्तियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अपनी सार्थक भूमिका निभाई जाए।इस अवसर पर सरदार मनजीत सिंह, एमपी सिंह, ऋषि के अग्रवाल, अमित गोयल, निखिल गर्ग, रंजीत सिंह, सुरेश नेगी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

