-स्टेडियम में कोचिंग कैंपों के लिए वार्षिक शुल्क होगा 210 रुपए
-सरकारी स्‍कूलों के बच्‍चों के लिए भी होगी प्रतियोगिता

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में डीएम मेधा रूपम ने आदेश दिया है कि शहीद विजय सिंह पथिक स्‍टेडियम आमजन के लिए खोल दिया जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा निर्मित शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, जो लंबे समय से संचालित नहीं हो रहा है, उसे आवश्यक आधारभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और सुव्यवस्थित करते हुए जनपदवासियों के लिए पुनः संचालित किया जाए। साथ ही निर्णय लिया गया कि स्टेडियम में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति द्वारा प्रशिक्षकों की व्यवस्था कर फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग, शतरंज सहित विभिन्न खेलों के कोचिंग कैंप संचालित किए जाएं।
शासन द्वारा निर्धारित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम की व्यवस्था के अनुरूप शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में भी 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए वित्तीय वर्ष की वार्षिक सदस्यता शुल्क 210 रूपए तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए प्रथम माह 310 रूपए एवं उसके पश्चात प्रत्येक माह 200 रूपए सदस्यता शुल्क निर्धारित किया जाए। इसके अतिरिक्त, जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में कराया जाएगा, जिससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने, नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का बेहतर अवसर उपलब्ध हो सके।

कोचिंग कैंप का संचालन
डीएम ने कहा कि शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में कोचिंग कैंप तब तक संचालित किए जाएंगे, जब तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपने स्तर से खेल गतिविधियों का संचालन प्रारंभ नहीं कर देता। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक खिलाड़ियों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि जनपद के विद्यालयों के अनुदेशकों एवं छात्र-छात्राओं का रोस्टर तैयार कर उन्हें नियमित रूप से शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विभिन्न खेल गतिविधियों में प्रतिभाग कराया जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि समय-समय पर ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों का शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आगमन एवं संवाद भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि युवा खिलाड़ियों को उनसे प्रेरणा एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो तथा उनमें खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास हो। जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने जिलाधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नाममात्र शुल्क पर उपलब्ध कराई जा रही खेल प्रशिक्षण सुविधा से गरीब एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और वह भविष्य में जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।