-सेक्टर म्यू-2 के लोगों में स्ट्रीट डॉग का आतंक
-सेक्टर में डंडा लेकर निकल रहे हैं लोग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर म्यू-2 में एक दिन में स्ट्रीट डॉग ने 5 लोगों पर हमला कर दिया। सेक्टर के लोगों का कहना है कि कुछ दिनों के दौरान ही कुत्ते 10 से अधिक लोगों को निशाना बना चुके हैं। इस कारण सेक्टर के लोगों में डर का माहौल है। बच्चे व बुजुर्ग घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। सेक्टर के लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से गुहार लगाई है लोगों को काटने वाले स्ट्रीट डॉग को हटाया जाए लेकिन प्राधिकरण ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। स्ट्रीट डॉग से सुरक्षा के लिहाज से सेक्टर के लोग सतर्क हो गए हैं। घरों से निकलने पर लोग हाथ में डंडा लेकर निकल रहे हैं।

उपचार पर एक लाख का खर्च
कुत्ते ने कीर्ति, भावना सहित अन्य लोगों को काटा है। कुत्ते के हमले में 12 वर्षीय लड़की भावना गंभीर रूप से घायल हो गई है। कुत्ते के हमले के कारण लड़की के हाथ की नस कट गई है। उपचार के लिए परिवार के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। उपचार पर लगभग एक लाख रुपए का खर्च आ रहा है। सेक्टर के पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष धमेंद्र राठी का कहना है कि सेक्टर में दो कुत्ते पागल हो गए हैं। उनके द्वारा लगातार लोगों पर हमला किया जा रहा है। राह जाते हुए लोगों को काट लेते हैं। इस कारण सेक्टर के लोग डरे हुए हैं।

